कानपुर। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल (उत्तर) की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक शनिवार को फजलगंज स्थित होटल लीजेंड में जिला अध्यक्ष सुनील बजाज की अध्यक्षता तथा जिला महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी के संचालन में आयोजित हुई। बैठक के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा रहे। बैठक में आगामी राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन, व्यापारियों की समस्याओं, संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा 9 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित 45वें राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन में कानपुर के सभी प्रमुख बाजारों से रिकॉर्ड संख्या में व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सम्मेलन में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, विभिन्न राज्यों के व्यापारी नेता और देशभर के व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके लिए शहर के सभी बाजारों में जनसंपर्क अभियान चलाकर व्यापारियों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष सुनील बजाज ने बताया कि 30 अगस्त 2026 को जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह को भव्य बनाने के लिए सभी बाजार इकाइयों को सक्रिय किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक व्यापारी इसमें शामिल हो सकें।
बैठक में व्यापारियों ने ऑनलाइन कारोबार से छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी व्यापारियों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव, पंजीकृत व्यापारियों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने, जीएसटी विभाग से जुड़ी समस्याओं, मंडी व्यवस्था, बाट-माप विभाग तथा नगर निगम से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। व्यापारियों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग भी उठाई।
व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और विभिन्न सरकारी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विभागवार जिला समन्वयकों की नियुक्ति की गई। एमएसएमई एवं खादी ग्रामोद्योग के लिए सुरेश गुप्ता, जीएसटी विभाग के लिए ईश्वर सिंह वर्मा, मंडी समिति के लिए राजेश गुप्ता, बाट-माप विभाग के लिए विराट गुप्ता तथा नगर निगम के लिए सरताज अहमद को जिला समन्वयक बनाया गया। संबंधित बाजारों के पदाधिकारी अपनी समस्याएं इन समन्वयकों के माध्यम से संबंधित विभागों तक पहुंचाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान का प्रयास करेंगे।
मुख्य अतिथि एवं प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा द्वारा स्थापित व्यापारी आंदोलन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना सभी व्यापारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन में कानपुर की ऐतिहासिक और प्रभावशाली भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी बाजार इकाइयों को अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार कानपुर से रिकॉर्ड संख्या में व्यापारी सम्मेलन में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि हाल ही में मंडी संबंधी समस्याओं को लेकर कानपुर उद्योग व्यापार मंडल ने कानपुर मंडी में तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने प्रदेशभर में ज्ञापन सौंपे। इसके बाद उनके नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल एवं व्यापारी समाज में लगभग 50 वर्षों से लगातार सेवाएं देने वाले वरिष्ठ व्यापारियों रामेश्वर गुप्ता, ओंकारनाथ अग्रवाल और विश्वनाथ अरोड़ा को सम्मानित किया गया। वहीं स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित रहे राधेश्याम बेनीवाल का सम्मान संगठन के पदाधिकारी शीघ्र ही उनके आवास पर जाकर करेंगे।
बैठक में प्रदीप गुप्ता, संत मिश्रा, राम किशोर मिश्रा, नीरज दीक्षित, महेंद्र गुप्ता, सत्य प्रकाश जायसवाल, दीप अवस्थी, राहुल दीक्षित, संजय द्विवेदी, पवन दुबे, श्याम अग्रहरि, राम कुमार सिंह, ओम प्रकाश चौटाला, भानु प्रताप सिंह, रमाशंकर अग्रहरि, सरताज अहमद, के.बी. सिंह, मनीष त्रिपाठी, अंबुज दयाल, प्रमोद त्रिपाठी, मुकेश भाटिया, संतोष शर्मा, राकेश भाटिया, सुरेश गुप्ता, राकेश पांडे, हेमंत मिश्रा, सीताराम गुप्ता, किशन गुप्ता, विराट गुप्ता, पंकज राठौर, सक्षम गुप्ता, गुलशन जायसवाल, अंकित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय व्यापारी सम्मेलन में कानपुर से होगी रिकॉर्ड भागीदारी, व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन