नगर निगम भवन की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से लगी आग, पुलिस-दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

धुएं से मची अफरा-तफरी के बीच सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया, महापौर प्रमिला पांडेय ने जांच के दिए आदेश

कानपुर। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र स्थित नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भवन की दूसरी मंजिल पर अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। कुछ ही देर में धुएं का घना गुबार पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे कार्यालय में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही केडीए चौकी प्रभारी संकित तौंगड़ और नगर निगम चौकी प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए फायर ब्रिगेड को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए भवन के भीतर मौजूद सैकड़ों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा पूरे परिसर को खाली कराकर भीड़ को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया। अधिकारियों ने सभी मंजिलों की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि कोई व्यक्ति अंदर न रह जाए।
सूचना पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण दूसरी मंजिल पर हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग के कारण भवन में धुआं भर गया था, जिससे कुछ देर तक कर्मचारियों और आगंतुकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हादसे की सूचना मिलते ही महापौर प्रमिला पांडेय भी नगर निगम भवन पहुंचीं और अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत जताते हुए कहा कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगने की जानकारी मिली है, लेकिन घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भवन की विद्युत व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की व्यापक जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना के बाद कुछ समय के लिए नगर निगम भवन में कामकाज प्रभावित रहा, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित हिस्से को सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद