7 और 8 जुलाई को जेके लोको रेलवे स्टेडियम में चार क्षेत्रीय टीमें लेंगी हिस्सा, शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को काशी रुद्रास टीम में मिलने का मौका
कानपुर। यूपीटी20 के मौजूदा चैंपियन काशी रुद्रास ने आगामी सीजन-4 की तैयारियों के तहत युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से पहली बार ‘रुद्रास कप’ की शुरुआत की है। यह टूर्नामेंट 7 और 8 जुलाई को कानपुर के जेके लोको रेलवे स्टेडियम में आयोजित होगा। रुद्रास कप में वाराणसी, प्रयागराज, झांसी और फतेहपुर की चार क्षेत्रीय टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट का उद्देश्य ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है, ताकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूपीटी20 के आगामी सीजन में काशी रुद्रास का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल सके।
इससे पहले वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में आयोजित पहले चरण के ट्रायल में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से 1,100 से अधिक युवा क्रिकेटरों ने पंजीकरण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। खिलाड़ियों की बड़ी संख्या में भागीदारी ने फ्रेंचाइजी के ग्रासरूट टैलेंट हंट अभियान को नई मजबूती दी है।
काशी रुद्रास के प्रतिनिधि सुखविंदर सिंह ने कहा कि ट्रायल में मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद रुद्रास कप अगला महत्वपूर्ण कदम है। इससे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा और फ्रेंचाइजी को नई प्रतिभाओं की पहचान करने में मदद मिलेगी। फ्रेंचाइजी के अनुसार रुद्रास कप में खिलाड़ियों का प्रदर्शन आगामी यूपीटी20 सीजन के लिए टीम चयन में अहम भूमिका निभाएगा। काशी रुद्रास अब तक यूपीटी20 के पहले और तीसरे सीजन की चैंपियन रह चुकी है और प्रदेश में युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। रुद्रास कप के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण गलीबॉल (Gullyball) पर किया जाएगा।