कानपुर। उत्तराखंड के रुड़की स्थित सीओईआर यूनिवर्सिटी में 26 से 28 जून तक आयोजित नेशनल योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन ऑफ योगासन स्पोर्ट्स इंटरनेशनल (WFFYSI) के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में देश के कई राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कानपुर की गुनिका रतन, दिव्यांशी और आकृत बाजपेई ने अपने-अपने वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में दीक्षा गुप्ता और विक्रांत सिंह ने नेशनल जज एवं टीम कोच की जिम्मेदारी निभाई।
समापन समारोह में पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया। कोचों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आगामी एशियाई पैसिफिक योगासन खेल, थाईलैंड में भी भारत का नाम रोशन करेंगे।
नेशनल योगासन में कानपुर के खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक