कानपुर। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित घाटमपुर ओवरब्रिज में एक बार फिर दरारें और स्लैब क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। पुल पर गड्ढा और दरारें दिखाई देने के बाद प्रशासन ने एहतियातन आवागमन बंद कर दिया है। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को सर्विस लेन से निकाला जा रहा है, जिससे क्षेत्र में जाम की स्थिति बन गई है।
बताया जाता है कि ओवरब्रिज के एक हिस्से में अचानक दरारें उभर आईं और स्लैब क्षतिग्रस्त हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। किसी संभावित हादसे को टालने के लिए तत्काल पुल पर यातायात रोक दिया गया।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी इसी ओवरब्रिज पर दरारें मिलने के बाद निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे थे। उस समय भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और कार्यदायी संस्था की संयुक्त जांच में तकनीकी खामियों की पुष्टि हुई थी। इसके बाद नियमित निगरानी और रखरखाव के दावे किए गए थे, लेकिन एक बार फिर सामने आई स्थिति ने उन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओवरब्रिज बंद होने से कानपुर, हमीरपुर और सागर की ओर जाने वाले वाहनों को सर्विस लेन से निकाला जा रहा है। अचानक बढ़े यातायात दबाव के कारण घाटमपुर कस्बे में लंबा जाम लग रहा है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, एनएचएआई और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को निरीक्षण के लिए बुलाया गया है। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही इसे दोबारा यातायात के लिए खोला जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई की मांग की है।
घाटमपुर ओवरब्रिज में फिर दरारें, यातायात बंद