कानपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर ने विश्वभर के करोड़ों योग साधकों को संबोधित करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग हमें जीवन की चुनौतियों का सामना करने की ऊर्जा और दृढ़ता प्रदान करता है तथा वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक स्वास्थ्य संकट का प्रभावी समाधान भी है।गुरुदेव ने कहा कि मानवता को सदियों से प्राप्त यह अमूल्य ज्ञान हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ, प्रसन्न और संतुलित समाज के निर्माण के लिए सभी लोगों से स्वयं को पुनः समर्पित करने का आह्वान किया।आर्ट ऑफ लिविंग के मीडिया कॉर्डिनेटर पुनीत अवस्थी ने बताया कि कानपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ प्रशिक्षकों द्वारा योग अभ्यास कराया गया। ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्रशासन द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में भी आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों ने सहभागिता की।इसके अलावा एनएसटीई गोविंद नगर, सुदामा शाखा नवीन नगर, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में भी योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयुष मंत्रालय के मार्गदर्शन में श्री श्री योग के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों ने समाज के विभिन्न वर्गों में योग के प्रति बढ़ते उत्साह को प्रदर्शित किया। सरकारी संस्थानों, कॉरपोरेट संगठनों, शिक्षण संस्थानों और सामुदायिक संगठनों के सहयोग से देशभर में योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए।देश के विभिन्न राज्यों में सेना, अर्द्धसैनिक बलों, कारागारों, न्यायालयों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में विशेष योग कार्यक्रम हुए। वहीं विदेशों में भी आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों और प्रशिक्षकों ने अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन कर योग के वैश्विक संदेश को मजबूत किया। गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शांति, सद्भाव और मानवता को जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम है, जो सांस्कृतिक और भौगोलिक सीमाओं से परे पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांधने की क्षमता रखता है।
योग को हर घर तक पहुंचाने का संकल्प, गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर का आह्वान