एक करोड़ की चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 8.5 किलो मादक पदार्थ बरामद

कानपुर। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराध शाखा और बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े आठ किलोग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन व्हाइट पाउडर के तहत मिली मुखबिर की सूचना पर बर्रा थाना क्षेत्र स्थित प्रिया हॉस्पिटल के सामने अंडरपास के नीचे छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से बड़ी मात्रा में अवैध चरस बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमजान अहमद (44 वर्ष) तथा एजाज अहमद (32 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मसवानपुर, रावतपुर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बर्रा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे शहर अथवा आसपास के किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। यह कार्रवाई अपराध शाखा की स्वाट टीम और बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद