कानपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बालाजी योग ग्रुप द्वारा योग सप्ताह के तहत मंगलवार को योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित करना था। रैली में योग साधकों, स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बालाजी योग ग्रुप के योगाचार्य महेश बजाज, सहयोगाचार्य श्रीकांत गुप्ता एवं श्रीमती शरद श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में 15 जून से 21 जून तक शहर के विभिन्न पार्कों में योग प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 17 जून को निकाली गई योग जागरूकता रैली को आध्यात्मिक स्वरूप भी दिया गया। रैली में शामिल साधक शंख, घंटी और विभिन्न वाद्य यंत्रों के साथ चल रहे थे। उनके हाथों में योग संबंधी संदेशों वाली प्रदर्शन पत्रिकाएं थीं, जिन पर “करो योग, रहो निरोग”, “योग अपनाओ, मोटापा भगाओ” जैसे प्रेरणादायक स्लोगन लिखे हुए थे।
रैली का शुभारंभ यशोदा नगर स्थित 14 नंबर पुलिया से हुआ। श्रीमती शरद श्रीवास्तव के नेतृत्व में निकली यह रैली यशोदा नगर और किदवई नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी तथा अंत में बालाजी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों को योग के महत्व, उसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों तथा स्वस्थ जीवनशैली में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
योग साधकों ने नागरिकों से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बालाजी पार्क में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में परिवार सहित शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का माध्यम है।
रैली में जयप्रकाश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, महेश बजाज, श्रीकांत गुप्ता, श्रीमती शरद श्रीवास्तव, शीतला प्रसाद केसरवानी, गौरांग मित्रा, अनूप श्रीवास्तव, प्रमोद मिश्रा, सुधीर कुमार ओमर, रजनी केसरवानी, प्रेमा खंडेलवाल, नीतू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।
योग जागरूकता रैली ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश