कानपुर। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कानपुर नगर निगम द्वारा शहर की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष जनसुनवाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नगर निगम के जोन-2 और जोन-3 क्षेत्रों में जनसुनवाई कैंप आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए।
किदवई नगर स्थित म्यूजिकल फाउंटेन पार्क में आयोजित जनसुनवाई कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने जलभराव, चोक सीवर, सफाई व्यवस्था और पार्क की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। शिकायतों को सुनते हुए महापौर प्रमिला पांडेय का सख्त रुख देखने को मिला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
जलभराव और सीवर जाम की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने नगर आयुक्त और जलकल विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी सात दिनों के भीतर क्षेत्र की सभी सीवर एवं जलभराव संबंधी समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही या कार्य में ढिलाई किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान स्थानीय नागरिकों ने म्यूजिकल फाउंटेन Park की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। लोगों ने बताया कि पार्क में कुल 14 प्रवेश द्वार होने के कारण वहां निगरानी व्यवस्था कमजोर हो गई है। शाम के समय कई असामाजिक तत्व पार्क के आसपास बैठकर नशाखोरी करते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और परिवारों को असुरक्षा महसूस होती है। नागरिकों ने पार्क में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
शिकायत मिलते ही महापौर प्रमिला पांडेय अधिकारियों की टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं और पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की कमियों को गंभीरता से लिया और बड़ा निर्णय लेते हुए पार्क के 14 गेटों में से 10 गेट तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल चार मुख्य प्रवेश द्वार ही संचालित किए जाएंगे, ताकि पार्क में आने-जाने वालों की निगरानी प्रभावी तरीके से की जा सके और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इस संबंध में उन्होंने लिखित आदेश भी जारी किए।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किया गया यह जनसुनवाई अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडेय नगर निगम के जोन-5 और जोन-6 क्षेत्रों में भी जनसुनवाई कैंप लगाकर जनता की शिकायतें सुनेंगी।
महापौर ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है और प्रत्येक विभाग को जवाबदेह बनाया जा रहा है। इस अवसर पर नगर आयुक्त, जलकल विभाग, सीवर विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई कैंप में महापौर का सख्त रुख, 7 दिन में जलभराव-सीवर समस्या दूर करने के निर्देश