कानपुर। ‘द स्पोर्ट्स हब’ (टीएसएच) में आयोजित समन्वय समिति की बैठक में ईडब्ल्यूएस योजना के नौवें बैच के संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण कार्यक्रम और खेलवार सीटों को अंतिम मंजूरी दी गई।
समिति के अनुसार वर्तमान बैच का प्रशिक्षण 5 जुलाई को समाप्त होगा, जबकि 6 जुलाई से नए बैच की शुरुआत कर दी जाएगी। योजना के तहत आवेदन पत्र 15 जून से उपलब्ध होंगे और उन्हें जमा करने की अंतिम तिथि 26 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद 1 जुलाई से चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
इस बार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार क्रिकेट को भी ईडब्ल्यूएस योजना में शामिल किया गया है। क्रिकेट के लिए 8 से 14 वर्ष और 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग में कुल 44 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
समिति ने उम्मीद जताई कि क्रिकेट के जुड़ने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
योजना के तहत इस वर्ष 10 खेलों में कुल 304 प्रतिभावान खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। ‘द स्पोर्ट्स हब’ में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
ईडब्ल्यूएस योजना में पहली बार शामिल हुआ क्रिकेट, 15 जून से आवेदन