कानपुर। रेलवे स्टेशन पर घर से नाराज होकर पहुंची एक 15 वर्षीय किशोरी को जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता से परिवार में खुशी लौट आई।
रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक कानपुर दुष्यंत कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, टिकट घर, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर अकेली बैठी एक किशोरी संदिग्ध अवस्था में मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह घर से नाराज होकर कानपुर सेंट्रल आ गई थी। इसके बाद महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव ने किशोरी को सुरक्षित महिला हेल्प डेस्क में बैठाया और उसके परिजनों से संपर्क किया।
सूचना मिलने पर किशोरी के जीजा सर्वेश कुमार सहित अन्य परिजन जीआरपी थाने पहुंचे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोरी को सकुशल परिवार के हवाले कर दिया। बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने जीआरपी टीम का आभार जताया।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक मुकुंद लाल, हेड कांस्टेबल शिव सिंह, रमेश सोनकर, बैश खान, राजकमल वर्मा, महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव और कांस्टेबल दीपक यादव शामिल रहे।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत जीआरपी ने किशोरी को परिजनों से मिलाया