कानपुर। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला वीआईपी इलाके स्वरूप नगर थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात गैस्ट्रो हॉस्पिटल के सामने नशे में धुत कार सवार युवकों ने एक स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान रजत सिंह पुत्र विशुन सिंह के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल रजत को तत्काल चांदनी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे की फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। सूत्रों के अनुसार जिस कार से हादसा हुआ, वह कानपुर दक्षिण क्षेत्र के एक भाजपा नेता से जुड़ी बताई जा रही है। इसके बाद मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस ने न तो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और न ही वाहन को कब्जे में लिया है। परिजनों का कहना है कि राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई में देरी की जा रही है।
घटना के बाद एक बार फिर कानून-व्यवस्था और वीआईपी दबाव में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती है या नहीं।
रफ्तार का कहर, नशे में धुत कार सवारों ने स्कूटी को मारी टक्कर