चलती कार बनी आग का गोला, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान

लाल बंगला पुलिस चौकी के पास देर रात हादसा, देखते ही देखते जलकर खाक हुई कार

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लाल बंगला पुलिस चौकी के पास चल रही एक हुंडई i20 कार अचानक आग का गोला बन गई। हादसे के समय कार में सवार चालक और उसका साथी सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों रमेश सिंह, संदीप और अक्षय के मुताबिक, कार हरजिंदर नगर की ओर से लाल बंगला चौकी चौराहे की तरफ जा रही थी। इसी दौरान अचानक कार के इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और अपने साथी के साथ बाहर निकल आया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों के बाहर निकलते ही कुछ ही सेकेंड में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही चकेरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि कार की नंबर प्लेट तक जलकर राख हो गई, जिससे वाहन की पहचान करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जब दमकल टीम मौके पर पहुंची, तब तक चालक और उसका साथी वहां से जा चुके थे।
पुलिस अब कार के चेसिस नंबर और अन्य तकनीकी माध्यमों से वाहन मालिक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक समय रहते बाहर न निकलता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद