भोर होते ही पुलिस का बड़ा एक्शन, 75 ठिकानों पर दबिश से मचा हड़कंप

नशा कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए 150 जवानों की संयुक्त कार्रवाई, 10 संदिग्ध हिरासत में

कानपुर। किदवई नगर क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ शुक्रवार तड़के पुलिस ने बड़े पैमाने पर सघन अभियान चलाते हुए एक साथ दर्जनों ठिकानों पर छापेमारी की। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में लगभग 150 पुलिसकर्मियों की टीम ने 70 से 75 संदिग्ध घरों और ठिकानों की तलाशी ली। अभियान को पूरी गोपनीयता के साथ अंजाम दिया गया, जिससे नशा कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस की इस विशेष कार्रवाई में 35 महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया था, ताकि महिला संदिग्धों और घरों की तलाशी विधिसम्मत तरीके से ली जा सके। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस जांच में संजय सिंह और मान सिंह के नाम नशा कारोबार के प्रमुख संचालकों के रूप में सामने आए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इनका नेटवर्क शहर के कई इलाकों के अलावा आसपास के जिलों तक फैला हुआ था और इनके जरिए बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की सप्लाई की जाती थी। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को कई ठिकानों से महत्वपूर्ण जानकारियां और अहम सुराग मिले हैं। जांच टीम इन तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय नशा तस्करी गिरोह की कमर टूट सकती है।
अचानक हुई इस व्यापक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए और पुलिस की कार्रवाई को देखने के लिए आसपास भीड़ जमा हो गई। कई स्थानों पर पुलिस टीमों ने घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी व्यक्ति इस अवैध कारोबार में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद