पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
कानपुर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और रसोई गैस के दामों में वृद्धि के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कानपुर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव जेपी पाल, एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने खच्चर की सवारी कर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। इस अनोखे प्रदर्शन ने राहगीरों और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए तथा बढ़ती महंगाई पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, दूध, दाल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।
एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जिस महंगाई को भाजपा पहले “डायन” कहती थी, अब वही उसे “डार्लिंग” लगने लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है तथा कई परिवारों के लिए गैस सिलेंडर भरवाना भी मुश्किल हो गया है।
विकास अवस्थी ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। इससे मेहनत करने वाले छात्रों में निराशा फैल रही है और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता कमजोर हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार पड़ोसी देशों को पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति कर रही है, जबकि देश के नागरिकों को महंगा ईंधन खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया तो कांग्रेस आने वाले दिनों में और बड़ा जन आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को सड़कों से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी, प्रदेश महासचिव जेपी पाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।