शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 12 देशों से आए 177 आवेदन, सीएसजेएमयू बना वैश्विक शिक्षा का उभरता केंद्र
कानपुर- छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की शैक्षणिक उत्कृष्टता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान अब साफ दिखाई देने लगी है। विश्वविद्यालय अब सिर्फ प्रदेश या देश तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि वैश्विक स्तर पर उच्च शिक्षा का एक बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। आधुनिक शिक्षा प्रणाली, डिजिटल सुविधाओं और वैश्विक शोध के कारण विदेशी छात्र बड़ी संख्या में यहां पढ़ाई के लिए आवेदन कर रहे हैं।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 12 देशों से कुल 177 विदेशी छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। इनमें नेपाल, नामीबिया, ओमान, तंजानिया, अफगानिस्तान, ब्राजील, एस्वातिनी, कुवैत, लाइबेरिया, सिएरा लियोन और दक्षिण सूडान जैसे देशों के विद्यार्थी शामिल हैं। दक्षिण एशिया और अफ्रीकी देशों के छात्रों में विश्वविद्यालय के प्रति खासा आकर्षण देखने को मिल रहा है।
विश्वविद्यालय ने वैश्विक मानकों के अनुरूप अपने परिसर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया है। कैंपस में हाई-स्पीड वाई-फाई, सेंट्रलाइज्ड एसी और अत्याधुनिक स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम की सुविधा उपलब्ध है। विदेशी छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त इंटरनेशनल हॉस्टल की व्यवस्था भी की गई है।
विदेशी छात्रों की काउंसलिंग, ई-वीज़ा और अन्य विधिक औपचारिकताओं के लिए विश्वविद्यालय का इंटरनेशनल रिलेशंस एंड एकेडमिक कोऑपरेशन सेल पूरी तरह सक्रिय है। तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों जैसे MBA, BBA और BCA के साथ-साथ भारतीय संस्कृति से जुड़े पारंपरिक कोर्सेज में भी विदेशी छात्रों की रुचि बढ़ रही है।
विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं शैक्षणिक सहयोग प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. विकास सैनी ने बताया कि इस वर्ष अब तक 12 देशों से 177 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। वहीं प्रकोष्ठ के अधिष्ठाता प्रो. सुधांशु पांडया ने कहा कि कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के प्रयासों से विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान लगातार मजबूत हुई है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की दूरदर्शी सोच के अनुरूप विश्वविद्यालय को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। सीएसजेएमयू गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और छात्र कल्याण के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।