कानपुर- नवाबगंज थाना क्षेत्र के जेवरा इलाके में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिहाइशी बस्ती के बीच एक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। भीषण गर्मी के चलते बाहर सो रहे लोगों ने जैसे ही मगरमच्छ को रास्ते पर रेंगते देखा, पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मोहल्ले के अधिकांश परिवार गर्मी और उमस के कारण घरों के बाहर चारपाई डालकर सो रहे थे। देर रात अचानक मगरमच्छ दिखने पर लोग अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों को लेकर सुरक्षित स्थानों और छतों की ओर भागने लगे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और टॉर्च की मदद से मगरमच्छ को आबादी से दूर भगाने का प्रयास किया।
घटना के बाद पूरी रात इलाके के लोग दहशत में जागते रहे। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के पास से गुजरने वाले बड़े नाले में बड़ी संख्या में मगरमच्छ मौजूद हैं, लेकिन इससे पहले कभी कोई मगरमच्छ आबादी तक नहीं पहुंचा था। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते मगरमच्छ दिखाई न देता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए नाले की फेंसिंग कराने और मगरमच्छों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक इलाके के लोगों में डर का माहौल बना रहेगा।
जेवरा में आधी रात बस्ती में घुसा मगरमच्छ, दहशत में जागते रहे लोग