एडीजी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा कराने के दिए निर्देश
कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की प्रस्तावित लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक में कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों, जिलाधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक नोडल अधिकारियों सहित परीक्षा संचालन से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एडीजी ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, गोपनीयता, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा संवेदनशील बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और पुलिस व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
एडीजी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कानपुर परिक्षेत्र हरीश चन्दर भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने परिक्षेत्र में परीक्षा को लेकर की गई तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी साझा की।