सांसद रमेश अवस्थी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
विधानसभा परिसर में प्रतिमा स्थापना की भी उठाई मांग
कानपुर। कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को पत्र लिखकर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को मरणोपरांत भारत रत्न दिए जाने की मांग की है। उन्होंने राज्य सरकार से केंद्र सरकार को इसके लिए औपचारिक अनुशंसा भेजने का अनुरोध किया है। सांसद ने पत्र में कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी, निर्भीक पत्रकार और सामाजिक समरसता के अग्रदूत थे। उन्होंने अपने समाचार पत्र ‘प्रताप’ के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी और देशभर में राष्ट्रीय चेतना का प्रसार किया। सांसद ने उल्लेख किया कि विद्यार्थी जी भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों के प्रेरणास्रोत एवं मार्गदर्शक भी रहे। रमेश अवस्थी ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की रक्षा करते हुए गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, जनसेवा और निष्पक्ष पत्रकारिता का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से मंत्रिमंडल में प्रस्ताव पारित कर भारत रत्न के लिए केंद्र को अनुशंसा भेजने की मांग की। सांसद ने विधानसभा परिसर में गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापित करने का भी अनुरोध किया, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष, पत्रकारिता और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।