भाजपा उत्तर जिला ने तय की ‘12 वर्ष विश्वास के’ अभियान की रणनीति

भाजपा उत्तर जिला कार्यशाला में ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ अभियान की रूपरेखा तय

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी उत्तर जिला द्वारा “12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान को लेकर गुरुवार को नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आगामी जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियानों की विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक और सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और भारत विश्व मंच पर मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।
प्रकाश पाल ने बताया कि भाजपा द्वारा आगामी 5 जून से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जनसंपर्क एवं जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम से की जाएगी। इसके अलावा मीडिया संवाद, प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, जनसंपर्क अभियान, विकसित भारत संकल्प अभियान और जनकल्याण शिविर सहित कुल 9 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन अभियानों के जरिए समाज के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय होकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का यह नैतिक दायित्व है कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग तक केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर जनता को उनसे जोड़ें।
कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा चलाए जा रहे सभी अभियान जनता के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य करेंगे और कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ इन कार्यक्रमों को सफल बनाएंगे। वहीं कार्यक्रम का संचालन अभियान संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष नवाब सिंह ने किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, जन्मेजय सिंह, सीमा एमबीए सहित सभी जिला पदाधिकारी और अभियान से जुड़ी जिला टोली के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद