— कानपुर में और मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम घटकर 4.58 मिनट पहुंचा
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट में आमजन को त्वरित और प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूपी-112 सेवा को और अधिक मजबूत किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने यूपी-112 के बेड़े में शामिल हुए 48 नए अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नए वाहनों के शामिल होने से शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और आपातकालीन स्थितियों में पुलिस पहले से अधिक तेजी से घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में कानपुर कमिश्नरेट में कुल 159 पीआरवी यानी पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल वाहन सक्रिय रूप से संचालित हैं। इनमें 75 चार पहिया और 84 दो पहिया वाहन शामिल हैं। विभाग को जल्द ही 10 और नए चार पहिया वाहन मिलने वाले हैं। इसके बाद कानपुर कमिश्नरेट में यूपी-112 के कुल वाहनों की संख्या बढ़कर 169 हो जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए वाहनों को चारों जोनों में विभाजित किया गया है। अपराध नियंत्रण और क्षेत्रफल को ध्यान में रखते हुए दक्षिण जोन में सबसे अधिक 54 वाहन तैनात किए गए हैं। पश्चिम जोन में 43, पूर्वी जोन में 33 और मध्य जोन में 28 वाहन लगाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि नए वाहनों से गश्त व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा किसी भी घटना पर तत्काल प्रतिक्रिया देने में मदद मिलेगी।
यूपी-112 सेवा में सुधार का असर प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में भी दिखाई दिया है। अप्रैल 2026 में कानपुर कमिश्नरेट प्रदेश में 24वें स्थान पर था, लेकिन बेहतर कार्यप्रणाली, सक्रिय मॉनिटरिंग और त्वरित रिस्पॉन्स के चलते मई 2026 में लंबी छलांग लगाते हुए सीधे 12वें स्थान पर पहुंच गया है।
शहर में किसी भी आपातकालीन कॉल पर पुलिस के पहुंचने का औसत समय अब घटकर 4.58 मिनट रह गया है, जो पहले की तुलना में काफी बेहतर माना जा रहा है। वहीं पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र, जिसमें शहरी और बाहरी इलाके दोनों शामिल हैं, का औसत रिस्पॉन्स टाइम 6.17 मिनट दर्ज किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि यूपी-112 के बेड़े में नए वाहनों के शामिल होने से गश्त और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली पहले से कहीं अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य पीड़ित व्यक्ति तक कम से कम समय में सहायता पहुंचाना है। कानपुर पुलिस आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।