कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला देर रात अपने पति को गहरी नींद में सोता छोड़ कथित प्रेमी के साथ फरार हो गई। इतना ही नहीं, महिला घर में रखी नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात भी अपने साथ ले गई। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पीड़ित परिवार सदमे में है।
जानकारी के मुताबिक मामला साढ़ थाना क्षेत्र के परौली गांव का है। बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। पति भी दिनभर की थकान के बाद गहरी नींद में सो गया। इसी दौरान महिला ने कथित रूप से पहले से बनाई गई योजना के तहत घर की अलमारी से नकदी और कीमती आभूषण निकाल लिए। बताया जा रहा है कि महिला करीब 10 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर अपने साथ ले गई।
सुबह जब पति की आंख खुली तो पत्नी कमरे में नहीं मिली। पहले तो उसने सोचा कि वह घर के किसी अन्य हिस्से में होगी, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने घर की जांच की तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी का ताला टूटा देख पति के होश उड़ गए। जब जेवरात और नकदी गायब मिले, तब मामला और गंभीर हो गया।
घटना के बाद परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में महिला देर रात एक बड़ा बैग लेकर घर से निकलती दिखाई दी। बताया जा रहा है कि गांव से कुछ दूरी पर उसका कथित प्रेमी पहले से मौजूद था, जिसके साथ वह फरार हो गई। गांव के लोगों का कहना है कि महिला और युवक के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी, हालांकि परिवार को इसकी भनक नहीं थी।
पीड़ित पति ने तुरंत साढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस टीम महिला और उसके कथित प्रेमी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस की मदद से महिला और उसके साथ गए युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों को दस्तयाब कर लिया जाएगा।
घटना के बाद पूरे परौली गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। वहीं पीड़ित पति और उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।