विधायक अमिताभ बाजपेई ने प्रमुख सचिव कृषि से की बात, पल्लेदारों के लिए दी आर्थिक सहायता
कानपुर-समाजवादी पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को चकरपुर मंडी पहुंचा, जहां हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों, किसानों और पल्लेदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। प्रतिनिधिमंडल ने मंडी परिसर में आग से जली दुकानों और क्षतिग्रस्त चबूतरों का निरीक्षण किया तथा पीड़ितों को हर संभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि इस अग्निकांड ने छोटे व्यापारियों, किसानों और मजदूरों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। जिन लोगों की रोजी-रोटी मंडी से जुड़ी थी, वे अचानक संकट में आ गए हैं। ऐसे में सरकार को तुरंत राहत और पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
मौके पर मौजूद अमिताभ बाजपेई ने घटनास्थल से ही प्रमुख सचिव (कृषि) से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने मांग की कि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा अपना काम शुरू कर सकें।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मंडी सचिव विजयन बलियान को ज्ञापन सौंपते हुए कई प्रमुख मांगें रखीं। सपा नेताओं ने मांग की कि चकरपुर मंडी में आग से क्षतिग्रस्त सभी 44 दुकानों और चबूतरों का पुनर्निर्माण आधुनिक आरसीसी ढांचे में कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से नुकसान कम हो सके।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि आग से प्रभावित आढ़तियों, किसानों और पल्लेदारों के नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही पल्लेदारों के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनके आधिकारिक पहचान पत्र भी बनाए जाएं। प्रतिनिधिमंडल ने मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंडी परिसर में 24 घंटे कम से कम दो फायर ब्रिगेड वाहनों की स्थायी तैनाती सुनिश्चित की जानी चाहिए। तत्काल राहत के तौर पर विधायक अमिताभ बाजपेई ने मंडी अध्यक्ष सौरभ पांडेय को 10 हजार रुपये की नकद सहायता प्रदान की, ताकि प्रभावित पल्लेदारों के भोजन और जरूरी व्यवस्थाओं का इंतजाम किया जा सके।
सपा नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीड़ितों को शीघ्र राहत, मुआवजा और पुनर्वास नहीं मिला, तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद राजाराम पाल, सपा कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मुनीन्द्र शुक्ला, कप्तान सेन, धर्मेंद्र सिंह बाली, आफताब आलम, राजकुमार चौहान, वीरेन्द्र त्रिपाठी, अंकित सचान, अंकुर शुक्ला और अर्पित यादव सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।