खुले सीवर गड्ढे में गिरकर दिव्यांग बुजुर्ग घायल, लोगों ने रस्सी से निकाला बाहर

कानपुर कैंटोमेंट क्षेत्र में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। रेलबाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर स्थित रस्सी वाली मस्जिद के पास सीवर लाइन डालने के लिए खोदे गए करीब 9 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर एक दिव्यांग बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि खुदाई के बाद गड्ढे को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खुला छोड़ दिया गया था।
घायल बुजुर्ग की पहचान मीरपुर कमेला निवासी रहमत उर्फ बाबा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अकेले रहते हैं और दोनों आंखों में मोतियाबिंद होने के कारण उन्हें ठीक से दिखाई नहीं देता। गुरुवार सुबह वह रोज की तरह डंडे के सहारे पकरिया चौराहा की ओर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बने खुले गड्ढे में अचानक गिर पड़े।
गड्ढा काफी गहरा होने के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल सके और मदद के लिए आवाज लगाते रहे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद रस्सी के सहारे उन्हें बाहर निकाला। हादसे में उनकी पीठ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें चलने-फिरने में दिक्कत हो रही है।
स्थानीय निवासी राजेश, अनिल, संतोष और साबिर ने आरोप लगाया कि कैंटोमेंट क्षेत्र में सीवर पाइप लाइन डालने के लिए जेसीबी से खुदाई कराई जा रही थी, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए। मौके पर न बैरिकेडिंग लगाई गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खुदाई स्थल के आसपास मोहल्ले के बच्चे भी खेलते हैं, ऐसे में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद