जिलाधिकारी ने काटा एक दिन का वेतन, बोले- सभी राजपत्रित अधिकारी भी उपस्थिति पंजिका पर करें हस्ताक्षर
कानपुर। जितेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को फजलगंज स्थित उपायुक्त उद्योग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में छह कार्मिक अनुपस्थित मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सुबह करीब 10:25 बजे कार्यालय पहुंचे। उस समय उपायुक्त उद्योग कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। दूरभाष पर हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि वह जांच के सिलसिले में पनकी स्थित बैंक ऑफ इंडिया जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण में रश्मि, अविजित सिंह, राजकुमार, वी. अरुण, धर्मेंद्र कुमार शुक्ला और मिथिलेश कुमार अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने समय से कार्यालय आने और कार्यालयीय अनुशासन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में सहायक आयुक्त उद्योग रियाजुद्दीन के हस्ताक्षर नहीं मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उपस्थिति पंजिका में उनका नाम अंकित नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि सभी राजपत्रित अधिकारी भी अनिवार्य रूप से उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करें, ताकि उपस्थिति की प्रमाणिकता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने मूवमेंट रजिस्टर का भी अवलोकन किया। जांच में पाया गया कि 7 अप्रैल 2026 के बाद से उसमें कोई प्रविष्टि नहीं की गई थी। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यालय अभिलेखों के नियमित एवं अद्यतन रखरखाव के निर्देश दिए।