कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को शिलापट्ट लगाने को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हो गया। विधायक निधि से कराए गए विद्यालय के सुंदरीकरण कार्य के शिलापट्ट पर नाम दर्ज करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते राजनीतिक टकराव में बदल गया। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और विद्यालय परिसर में जमकर नारेबाजी, धक्का-मुक्की और तीखी बहस हुई।विवाद की सूचना मिलने पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए धरने पर बैठ गए। विधायक के पहुंचने की खबर मिलते ही भाजपा समर्थक भी बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंच गए, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई जैसी नौबत आ गई। हालात बेकाबू होते देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता देख सपा विधायक अमिताभ बाजपेई को हिरासत में ले लिया गया।करीब कई घंटों तक विद्यालय परिसर और आसपास का इलाका राजनीतिक अखाड़े में तब्दील रहा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
परमट स्कूल में शिलापट्ट पर बवाल