भोले-भाले लोगों को लालच देकर खुलवाते थे बैंक खाते, एटीएम और सिम साइबर ठगों को करते थे सप्लाई
कानपुर। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेकनगंज पुलिस और साइबर टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना जावेद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कई बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल तथा अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त अनवरगंज के पर्यवेक्षण में बेकनगंज पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान साइबर टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि जावेद और उसके साथी भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते हैं और बाद में एटीएम कार्ड, पासबुक तथा बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की सिम अपने कब्जे में लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते हैं।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जमुनिया रोड स्थित निर्माणाधीन सरकारी कार्यालय के पास छापा मारकर जावेद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के नाम उजागर किए, जिसके बाद पुलिस ने दीपक शर्मा, प्रिंस गौतम, युवराज, मोहम्मद असद और लक्ष्यदीप को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे कई लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड और संदिग्ध लेन-देन में किया जाता था। आरोपियों ने बताया कि अब तक करीब 20 से 25 लोगों के बैंक खाते खुलवाए जा चुके हैं। इनमें अरबाज, सलमान, सबीना, अनस और सूफिया समेत कई लोगों के अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाए गए थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह लोगों को आसान कमाई का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। खाते खुलवाने के बाद एटीएम कार्ड और सिम अपने कब्जे में लेकर उन्हें ऊपर बैठे साइबर ठगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस को आरोपियों के पास से अलग-अलग व्यक्तियों के नाम की कई बैंक पासबुक बरामद हुई हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद मतीन खान, निरीक्षक दिनेश कुमार, निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, रामपूजन बिंद, रोहित बघेल, उपनिरीक्षक मदन मोहन, हेड कांस्टेबल इबरान हुसैन, कांस्टेबल प्रदीप सिंह तथा साइबर टीम थाना बेकनगंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया है।