“
कानपुर के St. Mary’s Convent High School में आयोजित दीक्षांत समारोह में छात्राओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता की शानदार झलक देखने को मिली। 9 मई 2026 को आयोजित इस समारोह में कक्षा 10 ए और 10 डी की छात्राओं ने “ब्रह्मांडीय जगत का नेता” विषय पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना नृत्य से हुआ, जिसने पूरे समारोह को आध्यात्मिक और गरिमामय वातावरण प्रदान किया। इसके बाद छात्राओं ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यालय के छात्र मंत्रिमंडल को आकाशीय पिंडों के रूप में दर्शाया। प्रस्तुतियों में शक्ति, अनुशासन, जिम्मेदारी, रचनात्मकता और दूरदर्शिता जैसे नेतृत्व गुणों को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के जरिए एकता, सामूहिक नेतृत्व और टीम वर्क का संदेश भी दिया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण नव निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों का औपचारिक दीक्षांत रहा। इस दौरान छात्राओं को नेतृत्व और जिम्मेदारी के प्रतीक स्वरूप सैश और बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और मूल्यों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने की शपथ ली।
विद्यालय की हेड गर्ल के रूप में मानवी त्रिपाठी तथा वाइस हेड गर्ल के रूप में सौम्या ओमर को चुना गया। गेम्स कैप्टन पावनी अवस्थी और गेम्स वाइस कैप्टन आयुषी त्रिवेदी बनीं। वहीं बास्केटबॉल कैप्टन समझना थापा तथा वाइस कैप्टन प्रेक्षा निगम को जिम्मेदारी सौंपी गई।
छात्र संपादकीय टीम में चीफ एडिटर प्रज्ञा गुप्ता और सब एडिटर अवनीत कौर गांधी को चुना गया। हेड मार्शल नंदिनी अग्निहोत्री तथा वाइस हेड मार्शल शताक्षी सिंह निर्वाचित हुईं।
हाउस कैप्टन के रूप में नेहरू हाउस से मानवी सैनी एवं वाइस कैप्टन नंदीका सिंह, टैगोर हाउस से मानवी शर्मा एवं वाइस कैप्टन वान्या शुक्ला, गांधी हाउस से सुहानी सिंह एवं वाइस कैप्टन वंदिता भंडारी तथा मेरीवार्ड हाउस से पारखी अग्रवाल एवं वाइस कैप्टन महक रोहिल्ला को जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा एफएमडब्ल्यू प्रेसिडेंट ज़ोहा ओवैसी और वाइस प्रेसिडेंट सिफत जेहरा चुनी गईं। वहीं जेपीआईसी प्रेसिडेंट ट्विंकल सोनी तथा वाइस प्रेसिडेंट अनन्या श्रीवास्तव को निर्वाचित किया गया।
समारोह में छात्राओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।