कानपुर में नौ मीटर से कम चौड़ी सड़कों पर केडीए द्वारा भवन नक्शे पास न किए जाने के मुद्दे पर व्यापारियों का विरोध तेज हो गया है। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के तत्वावधान में जनरलगंज कपड़ा बाजार में आयोजित व्यापारी संवाद में शहर की प्रमुख थोक मंडियों में आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। व्यापारियों ने कहा कि इस नियम से शहर की पुरानी और घनी बाजारों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित होगा।
व्यापारियों ने बताया कि हटिया, कुली बाजार, जनरलगंज कपड़ा बाजार, कोपरगंज, नयागंज, लाटूस रोड और नोघड़ा जैसे पुराने बाजारों की अधिकांश सड़कें नौ मीटर से कम चौड़ी हैं। ऐसे में वर्ष 2025 की नई नियमावली के तहत केडीए द्वारा नक्शे पास न होने से पुरानी जर्जर इमारतों का पुनर्निर्माण रुक जाएगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ेगा और पुराने भवनों के जर्जर होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ेगा।
बैठक में तय किया गया कि मुख्यमंत्री को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजे जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रों पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी भेजा गया।
व्यापारी संवाद को संबोधित करते हुए भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि कानपुर की पारंपरिक थोक बाजारें शहर की आर्थिक धुरी हैं। यदि नौ मीटर सड़क की बाध्यता लागू रही तो इन बाजारों में भवन निर्माण और पुनर्निर्माण लगभग ठप हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस नियमावली का विरोध किया जाएगा और सरकार से इसे वापस लेने की मांग की जाएगी। संगठन के जिला वरिष्ठ महामंत्री मनीष गुप्ता सलोने ने कहा कि केडीए द्वारा नक्शा पास न करने और भवन तोड़फोड़ की अनुमति न देने से व्यापारियों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियम वापस नहीं लिया गया तो व्यापारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
संगठन महामंत्री चंद्राकर दीक्षित और जिला युवा अध्यक्ष आशीष मिश्र ने कहा कि यह नियम नए विकसित क्षेत्रों में लागू किया जा सकता है, लेकिन पुरानी बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इसे लागू करना व्यवहारिक नहीं है।
कानपुर कपड़ा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चरणजीत सिंह सागरी और निदेशक रुमित सिंह सागरी ने कहा कि कपड़ा व्यापारी इस मुहिम में व्यापार मंडल के साथ खड़े रहेंगे। वहीं कपड़ा कमेटी के वीरेंद्र गुलाटी विक्की और पूर्व अध्यक्ष अमित दोसर ने भी समर्थन का भरोसा दिया।
कानपुर लोहा व्यापार समिति हटिया के चेयरमैन अमरनाथ शुक्ला और उपाध्यक्ष नारायण दीक्षित ने कहा कि शहर की पारंपरिक थोक बाजारों को बचाने के लिए इस आंदोलन को और तेज किया जाना चाहिए।
व्यापारी उद्यमी संवाद में प्रमुख रूप से अनुराग जायसवाल, मनीष वंशदानी, मोहम्मद शाहिद, राकेश कपूर, राकेश सेठिया, श्यामजी गुप्ता, चंद्रप्रकाश शुक्ला, पंकज अरोड़ा और टोनी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
9 मीटर सड़क नियम पर व्यापारियों का विरोध तेज, थोक बाजारों में आंदोलन की तैयारी