जोन-6 में नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्ती

कानपुर। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मंगलवार को जोन-6 क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मामा तालाब ग्रीनबेल्ट, आवास विकास गुटैया क्रॉसिंग, नेपाली मंदिर क्षेत्र और नक्षत्र वाटिका में कई खामियां सामने आईं, जिस पर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान सबसे अधिक बदहाल स्थिति नक्षत्र वाटिका की पाई गई। पार्क की टूटी बाउंड्रीवाल, खराब पाथवे और अपर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि वाटिका के चारों ओर क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए। साथ ही पार्क के अंदर समुचित पाथवे विकसित किए जाएं और दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर नए गेट लगाए जाएं। बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आमजन के लिए पार्क को सुरक्षित और आकर्षक बनाया जा सके।
वहीं नेपाली मंदिर के पास और मामा तालाब से आवास विकास मोड़ तक नालियों की स्थिति बेहद खराब मिली। नालियां कचरे से पटी थीं और कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ था। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि स्पष्ट रूप से प्रतीत होता है कि कई दिनों से यहां सफाई कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने इसे पर्यवेक्षणीय दायित्वों में गंभीर लापरवाही बताते हुए सख्त चेतावनी दी कि इस तरह की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर जोनल स्वच्छता अधिकारी विजय शंकर शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उन्हें 24 घंटे के भीतर स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में सुधार न होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नेपाली मंदिर के पास स्थित ग्रीनबेल्ट पर अवैध अतिक्रमण भी पाया गया। इस पर नगर आयुक्त ने मौके पर ही जोनल अधिकारी, जोनल अभियंता और प्रभारी उद्यान को कड़ी फटकार लगाई। उनके निर्देश के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटवा दिया गया। साथ ही अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा नमक फैक्ट्री चौराहे के पास भारी मात्रा में निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सीएंडडी) कचरा पाया गया, जिससे आसपास का क्षेत्र प्रदूषित हो रहा था। नगर आयुक्त ने इसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए और संबंधित व्यक्ति या इकाई से यूजर चार्ज वसूलने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी अवैध रूप से मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाया जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण के बाद नगर निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया और संबंधित विभागों ने तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए। नगर आयुक्त की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि शहर की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद