कानपुर में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह संपन्न

कानपुर। मानव कल्याण महिला समिति, कानपुर के तत्वावधान में हरिहरनाथ शास्त्री भवन सभागार, खनासी नाइन में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें प्रमुख रूप से महेश प्रसाद, सुमन तिवारी, समारोह अध्यक्ष सुरेश सचान, स्वागताध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. राधेश्याम मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें शॉल, माला एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, महापौर प्रमिला पाण्डेय एवं विधायक नीलिमा कटियार सहित अनेक समाजसेवियों और साहित्यकारों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राकेश सचान ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है और कवि अपनी लेखनी से समाज को जागरूक करने का कार्य करता है। वहीं नीलिमा कटियार ने कविता को समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध कवयित्री सुमन तिवारी की काव्यकृति ‘भजन पंचामृत’ का लोकार्पण किया गया। उन्होंने अपनी रचना का पाठ करते हुए जीवन की नश्वरता पर मार्मिक पंक्तियाँ प्रस्तुत कीं। दिल्ली से आए मुख्य वक्ता ऋषि कुमार शर्मा ने कृति पर अपने विचार व्यक्त किए।
कवि सम्मेलन में विभिन्न कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. राधेश्याम मिश्र, योगिता चौहान, शैल भदावरी, अनिल बाजपेई, निवेदिता शर्मा, अनुराग बाजपेई, पूजा श्रीवास्तव एवं सुभाष शर्मा सहित कई कवियों ने श्रृंगार, वीर और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कविताओं का पाठ कर समां बांध दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राधेश्याम मिश्र एवं डॉ. अनिल बाजपेई ने संयुक्त रूप से किया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, कवियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद