फुट-ओवर ब्रिज पर बाइक दौड़ाना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार

पैदल यात्रियों के लिए बने ब्रिज पर दौड़ा रहा था मोटरसाइकिल

रोकने पर यात्रियों से उलझा, पुलिस से भी किया विवाद

बाइक सीज, बीएनएसएस व एमवी एक्ट में कार्रवाई

कानपुर।
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने एक लापरवाह युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी फुट-ओवर ब्रिज पर मोटरसाइकिल चलाकर न केवल नियमों की धज्जियां उड़ा रहा था, बल्कि यात्रियों की जान भी जोखिम में डाल रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को झींझक रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान उपनिरीक्षक अर्पित तिवारी और उनकी टीम की नजर एक युवक पर पड़ी, जो अपनी मोटरसाइकिल को फुट-ओवर ब्रिज पर चढ़ाकर तेज रफ्तार में चला रहा था। यह ब्रिज केवल पैदल यात्रियों के लिए निर्धारित है, ऐसे में बाइक की आवाजाही से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

यात्रियों ने जब इस पर आपत्ति जताई तो आरोपी उनसे उलझ गया और विवाद करने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह और अधिक आक्रामक हो गया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलीप कुमार (29 वर्ष), निवासी ग्राम बिहारीपुर, थाना दिबियापुर, जिला औरैया बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का व्यवहार शांति भंग करने वाला था और उसकी हरकतों से यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।

इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसकी मोटरसाइकिल को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के अंतर्गत सीज कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

टीम की सक्रियता से टली बड़ी घटना
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, उपनिरीक्षक अर्पित तिवारी (प्रभारी चौकी झींझक), उपनिरीक्षक मुकुंद लाल यादव, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल सत्येन्द्र सिंह और कांस्टेबल विजय सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे प्रशासन की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर में निर्धारित नियमों का पालन करें। फुट-ओवर ब्रिज केवल पैदल चलने के लिए बनाए गए हैं, ऐसे में इन पर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद