कानपुर।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से नाराज होकर निकले एक 9 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल की टीम ऑपरेशन मुस्कान के तहत स्टेशन परिसर में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सर्कुलेटिंग एरिया में एक बालक भूख-प्यास से व्याकुल अवस्था में रोता हुआ मिला।पूछताछ में बालक ने अपना नाम अनुज (काल्पनिक), पुत्र राजीव कुमार, निवासी भदरस, घाटमपुर (कानपुर नगर) बताया। उसने बताया कि वह पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल आया था।उपनिरीक्षक संदीप तिवारी व मोहित कुमार ने तत्काल बालक को अपने संरक्षण में लिया और उसे भोजन व पानी उपलब्ध कराया। बाद में उसे महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित बैठाया गया।पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिस पर बालक के पिता राजीव कुमार थाना पहुंचे। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को उनके सुपुर्द कर दिया गया।अपने बेटे को सकुशल पाकर पिता ने जीआरपी पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों और महिलाओं की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा रहा है।
जीआरपी की तत्परता से बालक सकुशल बरामद, परिजनों से मिलाया गया