चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी को कुचला, भागते समय राहगीर को रौंदा; 10 फीट खाई में गिरी बोलेरो, आरोपी फरार
कानपुर-बिठूर थाना क्षेत्र के टिकरा चौकी अंतर्गत सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान एक बोलेरो सवार ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। वाहन चालक ने चेकिंग कर रहे दरोगा प्रदीप कुमार को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, टिकरा चौकी इंचार्ज बालेंद्र सिंह ने टॉर्च की रोशनी से बोलेरो को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय दरोगा पर गाड़ी चढ़ा दी और टिकरा कस्बे की ओर भाग निकला। घायल दरोगा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
भागते समय आरोपी ने टिकरा कस्बे में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कश्यप नगर निवासी टेंट कारोबारी फूल सिंह कश्यप को भी कुचल दिया। उन्हें गंभीर हालत में निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बोलेरो पांडु नदी के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी बिठूर, इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो को जेसीबी की मदद से बाहर निकलवाकर टिकरा चौकी में खड़ा करा दिया है। घायल दरोगा प्रदीप कुमार का सिंहपुर स्थित पारस अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।