कानपुर। शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था बंग संस्कृति सम्मेलन द्वारा मोतीझील स्थित लाजपत भवन में अपने 25वें वर्ष (रजत जयंती समारोह) के उपलक्ष्य में भव्य वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘प्रवाह द फ्लो’ का सफल आयोजन किया गया। संस्था की 25 वर्षों की गौरवशाली सांस्कृतिक यात्रा का उत्सव मनाते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में कला, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बंग संस्कृति सम्मेलन की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, कला प्रेमियों और संस्था के सदस्यों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण रहीं बंगाल की सुप्रसिद्ध गायिका अनुष्का पात्रा, जिन्होंने अपनी मधुर और सुमधुर आवाज़ से पूरे सभागार को भावविभोर कर दिया। सा रे गा मा और इंडियन आइडल जैसे राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी अनुष्का पात्रा के गीतों ने श्रोताओं से खूब तालियां बटोरीं।
इसके अलावा बच्चों और युवा कलाकारों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। बंगला लोकगीतों, शास्त्रीय संगीत और आधुनिक गीतों पर आधारित नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से छोटे बच्चों की समूह प्रस्तुति सभी के आकर्षण का केंद्र रही। समूह गान और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विविध रंगों से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सुरजीत दास गुप्ता ने अपने संबोधन में संस्था की 25 वर्षों की उपलब्धियों, सामाजिक योगदान और सांस्कृतिक धरोहर पर प्रकाश डालते हुए सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं सचिव शांतनु घोष ने कहा कि संस्था सदैव सांस्कृतिक मूल्यों, भारतीय परंपराओं और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रभावशाली एवं गरिमामय ढंग से किया गया। अंत में सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बंग संस्कृति सम्मेलन का यह रजत जयंती समारोह कानपुर की सांस्कृतिक स्मृतियों में एक अविस्मरणीय अध्याय के रूप में दर्ज हो गया।
रजत जयंती पर ‘प्रवाह’ की धूम