नारी शक्ति वंदन पर टाउन हॉल, महिलाओं के सशक्तिकरण का संकल्प

कानपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्यालय सभागार में भव्य टाउन हॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विशिष्ट अतिथि अपर्णा यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित एवं महापौर प्रमिला पांडेय द्वारा दीप प्रज्वलन व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि भारत संस्कृति और धरोहर का देश है, जहां नारी शक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि इतिहास में ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, रमाबाई अंबेडकर, रानी लक्ष्मी बाई और रानी अहिल्याबाई होल्कर जैसी महान महिलाओं ने समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू होने से देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनधन खाते, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। तीन तलाक कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब बेटियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि अपर्णा यादव ने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह महिलाओं को नई पहचान और सशक्तिकरण का अवसर देगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कार्य हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सभागार में उपस्थित महिलाओं पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया।
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं की भागीदारी और बढ़ेगी तथा जनता आगामी चुनावों में अपना समर्थन देगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद नीतू सिंह ने की, जबकि संचालन शिवांग मिश्रा ने किया। इससे पूर्व सीएसए हेलीपैड पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, शिवराम सिंह, अवधेश सोनकर एवं प्रमोद विश्वकर्मा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर अनिल दीक्षित, नीलिमा कटियार, स्वप्निल वरुण, अनीता गुप्ता, पूनम द्विवेदी, पूनम कपूर, सरोज सिंह, वेणु रंजन भदौरिया, अनीता त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद