कानपुर। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे निःशुल्क टीकाकरण अभियान के तहत शहर में 130 किशोरियों को वैक्सीन का अंतिम डोज लगाया गया। यह अभियान कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा और कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत परमहंस राम मंगलदास विद्या इंटर कॉलेज सवाईपुर, रामनगर कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, लुधवाखेड़ा, हिंगूपुर और टिक्कनपुरवा के विद्यालयों की किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस दौरान वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक, डॉ. अंजू मिश्रा, डॉ. संगीता मिश्रा, डॉ. प्रवीन कटियार, डॉ. मुनीश रस्तोगी और डॉ. मुदित वर्मा समेत कई शिक्षकों और चिकित्सकों की उपस्थिति रही। कुलपति ने किशोरियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
टीकाकरण का कार्य जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक और स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
अभियान के अगले चरण में 18 अप्रैल 2026 को मंधना और आसपास के कई विद्यालयों में किशोरियों को वैक्सीन का अंतिम डोज लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीकाकरण बेहद प्रभावी है और किशोरियों को समय पर वैक्सीन लगवाना जरूरी है।
130 किशोरियों को लगा सर्वाइकल कैंसर का टीका