कानपुर:
शहर में फर्नीचर व्यापारियों और कारीगरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय गिरोह का नौबस्ता पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के निर्देशन में की गई कार्रवाई के तहत थाना नौबस्ता पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। थाना प्रभारी बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गैंग के सदस्य पहले फर्नीचर दुकानों की रेकी करते और व्यापारियों की पूरी जानकारी जुटाते थे। इसके बाद उन्हें फोन कर बड़े ऑर्डर का झांसा दिया जाता था।
आरोपी फोन पर कहते—
“हेलो, आप फर्नीचर दुकान वाले बोल रहे हैं? हमें भारी तादाद में फर्नीचर बनवाना है, आप सैंपल लेकर घर आ जाइए।”
जैसे ही व्यापारी बताए गए पते पर पहुंचता, गिरोह के सदस्य उसे बातचीत में उलझाकर नशीला पदार्थ मिला पेय पिला देते थे। बेहोश होने के बाद उसके पास से नकदी और कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
हाल ही में नौबस्ता थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ इसी तरह की वारदात हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी है और गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि अनजान नंबरों से मिलने वाले बड़े ऑर्डर की पहले पुष्टि करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
फर्नीचर ऑर्डर के बहाने बुलाकर नशीला पेय पिलाकर लूट, गिरोह का पर्दाफाश