फजलगंज में चोरों के हौसले बुलंद: 10 सेकंड में उड़ाई बुलेट, चौकी के पास वारदात

CCTV में कैद हुई चोरी की लाइव तस्वीर, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल

कानपुर। शहर में वाहन चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का भी कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला कानपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन स्थित फजलगंज थाना क्षेत्र का है, जहां शातिर चोर ने पुलिस चौकी के बेहद करीब खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल को महज 10 सेकंड में पार कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना फजलगंज के मिल एरिया चौकी क्षेत्र की है। एक व्यक्ति ने अपनी कीमती बुलेट मोटरसाइकिल को एक होटल के बाहर खड़ा किया था। तड़के सुबह के समय एक अज्ञात चोर मौके पर पहुंचा और बेहद पेशेवर अंदाज में कुछ ही सेकंड में बाइक का लॉक तोड़कर उसे स्टार्ट किया और फरार हो गया।

पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर बिना किसी घबराहट के पैदल आता है, इधर-उधर नजर दौड़ाता है और फिर बड़ी ही सफाई से बाइक को चंद सेकंड में लेकर चलता बनता है। चोर की यह फुर्ती और तकनीक देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह पहले भी ऐसी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहां यह चोरी हुई, वह मिल एरिया पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। चौकी के इतने करीब इस तरह की घटना ने पुलिस की सक्रियता और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में डर और असुरक्षा का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने फजलगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी के अनुसार, “मामला संज्ञान में है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सर्विलांस और स्थानीय इनपुट की मदद से जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी गई मोटरसाइकिल की बरामदगी भी सुनिश्चित की जाएगी।”

फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग के दावों पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस चुनौती को कितनी जल्दी सुलझा पाती है और इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर कब तक अंकुश लगा पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद