कानपुर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा अभियान चलाया। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवीन्द्र कुमार ने ‘सुगम यातायात योजना’ के तहत झकरकट्टी बस अड्डा से टाटमिल चौराहा तक सघन निरीक्षण किया, जिसमें नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान झकरकट्टी बस अड्डे के आसपास सड़क पर खड़ी रोडवेज बसों को यातायात बाधित करते पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए 60 बसों के चालान किए गए और निर्देश दिए गए कि बसें केवल निर्धारित स्थान पर ही खड़ी हों।
अभियान के तहत बिना निर्धारित कलर कोड के चल रहे 98 ऑटो और ई-रिक्शा पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 अन्य वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर मामलों में 3 वाहनों को सीज कर दिया गया।
साथ ही बस अड्डे के बाहर लगे अवैध ठेले और अतिक्रमण को हटवाकर सड़क को खाली कराया गया, जिससे यातायात सुचारू हो सके।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि ‘RTC’ स्कीम का उद्देश्य शहर के व्यस्त मार्गों को जाम मुक्त बनाना है। अभियान के बाद झकरकट्टी-टाटमिल मार्ग पर आवागमन पहले से बेहतर हुआ है।
इस दौरान एडीसीपी ट्रैफिक कपिल देव सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
झकरकट्टी-टाटमिल मार्ग पर ट्रैफिक का बड़ा एक्शन