कानपुर। रेलवे क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल और आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 13 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत 9 अप्रैल की रात करीब 1:50 बजे पुलिस टीम हैरिसगंज पुल के पास डीजल डिपो स्थित पानी की टंकी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवीन्द्र कुमार (25) निवासी ग्राम बरघट्टा, जिला जमुई (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा लेकर बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है, वहीं अधिकारियों ने टीम की तत्परता और सफलता की सराहना की है।
15 लाख की गांजा खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार