कानपुर:
माह मार्च 2026 की प्रदेश स्तरीय जनसुनवाई समाधान प्रणाली के मासिक मूल्यांकन में कानपुर जोन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निस्तारण के लिए संचालित इस प्रणाली के अंतर्गत पुलिस विभाग के कार्यों की समीक्षा मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा विभिन्न मानकों पर की जाती है।
मूल्यांकन में शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता, समयबद्धता, प्रभावशीलता और आवेदक की संतुष्टि को प्रमुख आधार बनाया जाता है। इसी आधार पर थाना स्तर से लेकर अपर पुलिस महानिदेशक स्तर तक अधिकारियों की रैंकिंग निर्धारित की जाती है।
मार्च माह की समीक्षा में कानपुर जोन के अंतर्गत आने वाले कानपुर परिक्षेत्र एवं झांसी परिक्षेत्र सहित कानपुर देहात, इटावा, फतेहगढ़, कन्नौज, झांसी, जालौन और ललितपुर जनपदों के कुल 125 थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
यह उपलब्धि जनसुनवाई के प्रति शासन की प्राथमिकता और पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाती है। वहीं, जिन अधिकारियों और थाना प्रभारियों का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर का नहीं रहा, उन्हें कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।