जच्चा-बच्चा अस्पताल में ‘फोर्स-2026’ कार्यशाला

कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के जच्चा-बच्चा अस्पताल में दो दिवसीय ‘फोर्स-2026’ कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के लगभग 20 मेडिकल कॉलेजों से आए 150 स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों ने भाग लेकर विशेषज्ञों से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रसूति एवं स्त्री रोग से जुड़े जटिल विषयों पर गहन जानकारी और आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय काला, विशिष्ट अतिथि डॉ. मीरा अग्निहोत्री और उप-प्रधानाचार्य डॉ. ऋचा गिरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। फेडरेशन ऑफ ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटीज ऑफ इंडिया (फॉग्सी) के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञों ने छात्रों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से अवगत कराया।
कार्यशाला के नेशनल कन्वीनर डॉ. आशीष कुमार मुखोपाध्याय ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि फॉग्सी के अध्यक्ष डॉ. भास्कर पाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। डॉ. किरण पाण्डेय ने ‘फोर्स’ कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसे छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
दो दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण सत्र में प्रसव के दौरान होने वाले अत्यधिक रक्तस्राव (पीपीएच) के प्रबंधन, जटिल केस प्रेजेंटेशन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। पहले दिन डॉ. आशीष, डॉ. हफीज उर रहमान और डॉ. किरण पांडे ने विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके साथ ही छात्रों को पेल्विस और स्कल के मॉडल पर प्रैक्टिकल डेमो देकर वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराया गया।
स्त्री रोग से जुड़े कैंसर, एंडोमेट्रियल कैंसर, बांझपन और लैप्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। डॉ. आशीष मुखोपाध्याय ने छात्रों की थीसिस की समीक्षा करते हुए उन्हें मौखिक परीक्षा में सफलता के महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू गुप्ता ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। आयोजन समिति की ओर से डॉ. शैली अग्रवाल ने राष्ट्रीय फॉग्सी टीम और अतिथि फैकल्टी का आभार व्यक्त किया।
कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया और सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी गई। इस आयोजन ने मेडिकल छात्रों को न केवल सैद्धांतिक बल्कि व्यावहारिक ज्ञान भी प्रदान किया, जिससे भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद