‘फ्लाइट PMS-2026’ से नए सत्र की उड़ान

कानपुर। 37वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह, नवाचार और प्रेरणा के माहौल में हुआ। सेनानायक बीबी चौरसिया (आईपीएस) की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित ‘विद्यारंभ संस्कार’ कार्यक्रम ने विद्यालय के नए सत्र को एक अलग पहचान दी। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त प्रधानाचार्या मीनू शुक्ला ने विधिवत कार्यभार ग्रहण करते हुए शिक्षा में गुणवत्ता और नवाचार को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए विद्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। सेनानायक और प्रधानाचार्या ने बच्चों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर आत्मीयता का संदेश दिया। इस अनूठे स्वागत से छोटे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘फ्लाइट PMS-2026’ थीम पर तैयार किया गया सेल्फी प्वॉइंट रहा, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस थीम के जरिए शिक्षा को एक रोमांचक यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसका गंतव्य ‘उज्ज्वल भविष्य’ और ‘किराया: जीरो फीस’ रखा गया। छात्रों ने ‘रट्टा-मार: अरेस्टेड’, ‘फ्यूचर IPS’, ‘सुपर ब्रेन एक्टिवेटेड’ और ‘100% प्रैक्टिकल’ जैसे रचनात्मक स्लोगन्स के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
इस पहल का उद्देश्य रटंत विद्या से हटकर व्यावहारिक और अनुभव आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना था। सेनानायक बीबी चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का लक्ष्य केवल किताबों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि छात्रों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार करना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकगणों से ‘प्रैक्टिकल लर्निंग’ को प्राथमिकता देने और बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया।
प्रधानाचार्या मीनू शुक्ला ने भी विद्यालय को आधुनिक शिक्षा पद्धति से जोड़ते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्कूल में ऐसे शैक्षणिक वातावरण का निर्माण किया जाएगा, जहां बच्चे सीखने के साथ-साथ अपने कौशल को भी विकसित कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में सेनानायक ने सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को मिष्ठान वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिविरपाल चंद्रेश्वर, पीसी रावेंद्र चौधरी, पीसी शिवांशु द्विवेदी, पीसी रामेंद्र सिंह, पीसी राहुल यादव सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद