कानपुर में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: ‘अमेरिकन गांजा’ और चरस के साथ शातिर अंकित तुत्तल गिरफ्तार

कानपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चकेरी थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चरस और बेहद महंगा ‘अमेरिकन गांजा’ बरामद हुआ है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्रवण कुमार सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में की गई। चकेरी पुलिस, सर्विलांस और स्वॉट (SWAT) टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर इलाके से गुजरने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अंकित सिंह चौहान उर्फ अंकित तुत्तल (27 वर्ष) निवासी कालीबाड़ी, लालबंग्ला (चकेरी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से नशे की तस्करी में सक्रिय था और खासतौर पर युवाओं को अपना निशाना बना रहा था।
बरामद ‘अमेरिकन गांजा’ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी अधिक बताई जा रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। डीसीपी क्राइम के मुताबिक, यह गिरफ्तारी ‘नशा मुक्त कानपुर’ अभियान के लिए एक अहम कदम है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की खेप कहां से लाता था और शहर में किन-किन ठिकानों पर इसकी सप्लाई करता था। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद चकेरी और लालबंग्ला क्षेत्र में अपराधियों के बीच दहशत का माहौल है। कमिश्नरेट पुलिस ने साफ कर दिया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद