नगर आयुक्त का तड़के औचक निरीक्षण, गंदगी पर सख्त कार्रवाई 4 कर्मचारियों का वेतन कटा

कानपुर।
शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार (30 मार्च) तड़के कई प्रमुख इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जहां कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 4 सफाई कर्मियों और एक सफाई नायक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त का यह निरीक्षण मोतीझील से शुरू होकर परेड, मूलगंज, बजरिया सहित कई प्रमुख क्षेत्रों तक चला। निरीक्षण के दौरान यतीमखाना से बकरमंडी मार्ग तक गंदगी और सफाई की खराब स्थिति मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। सड़क पर कूड़ा बिखरा होने और नियमित सफाई न होने पर संबंधित कर्मचारियों—विनीत, कृष्ण, सतीश, अजय और सफाई नायक राहुल (वार्ड-03) के खिलाफ वेतन काटने की कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही नगर आयुक्त ने जोन-1 के अंतर्गत भगवान महावीर जयंती रथयात्रा के प्रस्तावित मार्ग का भी निरीक्षण किया। दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर से निकलने वाली इस रथयात्रा का रूट नयागंज, शक्कर पट्टी, हालसी रोड, अहिंसा चौक और मूलगंज से होकर पुनः मंदिर तक निर्धारित किया गया है। पूरे मार्ग पर सफाई व्यवस्था के लिए 40 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मंदिर के संयोजक हेम कुमार जैन ने नगर निगम द्वारा की गई सफाई और चूने के छिड़काव पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान लकड़मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण और अव्यवस्था को देखते हुए नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी-4 को सख्त निर्देश दिए कि पटरी पर रखे लकड़ी के ढेरों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और संबंधित लोगों से यूजर चार्ज भी वसूला जाए।
बजरिया चौराहा (वार्ड-3) में निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त मोहम्मद अवेश को आउटसोर्स कर्मचारियों की ‘बीट चेकिंग’ कराने के निर्देश दिए गए। यहां 51 कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की गई और मौके पर उनकी भौतिक उपस्थिति का सत्यापन करने को कहा गया।
जोन-4 स्थित बृजेन्द्र स्वरूप पार्क और परशुराम वाटिका के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मॉर्निंग वॉकर्स से संवाद किया। नागरिकों ने पार्क की साफ-सफाई और व्यवस्था पर संतोष जताया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सुबह की पाली में दो अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि पेड़ों से गिरने वाली पत्तियों को समय पर हटाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मोतीझील मेट्रो स्टेशन, हर्ष नगर, ईदगाह, चुन्नीगंज, लाल इमली, बड़ा चौराहा, बिरहाना रोड, नवरंग सिनेमा मार्ग, काहू कोठी, नयागंज और यतीमखाना सहित शहर के प्रमुख मार्गों की स्थिति का भी बारीकी से जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद