100 अफसरों व महिलाओं को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में ‘आपदा जोखिम न्यूनीकरण’ पर हुआ कार्यक्रम

कानपुर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कानपुर नगर द्वारा जनपद के अधिकारियों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार 27 मार्च 2026 को 100 अधिकारियों तथा 29 मार्च 2026 को 100 महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, बेनाझाबर में ‘आपदा जोखिम न्यूनीकरण’ विषय पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) विवेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में हुआ। प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य आपदा मोचक बल के अंकित यादव एवं उनकी टीम ने आपदा के समय जीवन रक्षक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। इसमें प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव रोकने, बैंडेजिंग, सीपीआर आदि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी शामिल रहा।
अग्निशमन अधिकारी कर्नलगंज प्रदीप कुमार ने आग लगने के कारणों और उसे बुझाने के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए रासायनिक अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का डेमो प्रस्तुत किया। वहीं, सहायक उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा विमलेश कुमार ने आपदा के समय सिविल डिफेंस की भूमिका, राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी।
मुख्य आपदा प्रशिक्षक लखन कुमार शुक्ला ने धुएं या इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों, फायरमैन लिफ्ट, टू हैंड सीट, फोर हैंड सीट जैसे रेस्क्यू तरीकों का प्रदर्शन किया। साथ ही कंबल व बोरी से स्ट्रेचर बनाने और हीटवेव से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का समापन अपर नगर मजिस्ट्रेट (पंचम) एवं प्रभारी अधिकारी (आपदा) पुष्पेन्द्र कुमार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हर नागरिक को आपदा प्रबंधन की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे आपात स्थिति में जन-धन की हानि को कम किया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन आपदा विशेषज्ञ जुगबीर सिंह द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए आपदा से निपटने के व्यावहारिक पहलुओं को समझा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद