चिकित्सकों और गणमान्यों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन
कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) कानपुर शाखा द्वारा परेड स्थित आईएमए भवन में रविवार को ‘ईद मिलन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। शाम 4 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में शहर के चिकित्सकों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा माहौल आपसी सौहार्द और खुशियों से भर गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर्य नगर विधायक अमिताभ बाजपेई एवं विशिष्ट अतिथि एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन टांडा रहे। दोनों अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल उत्सव का अवसर नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने का कार्य भी करते हैं।
IMA पदाधिकारियों ने बताया कि ‘ईद-उल-फितर’ प्रेम, त्याग और सौहार्द का प्रतीक है, जो समाज में सहयोग और मानवता की भावना को बढ़ावा देता है। ऐसे आयोजनों से न केवल चिकित्सकों के बीच आपसी संबंध मजबूत होते हैं, बल्कि समाज में भी सकारात्मक संदेश जाता है।
इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. मोहम्मद जमील, डॉ. कलीम अहमद और डॉ. गुल शगुफ्ता का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में IMA कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, सचिव डॉ. शालिनी मोहन, वित्त सचिव डॉ. विशाल सिंह सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।