निक्षय वाहन को हरी झंडी, टीबी उन्मूलन का संकल्प

कानपुर—विश्व क्षयरोग दिवस के अवसर पर सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को लेकर एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ‘निक्षय वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। यह वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर क्षयरोग के प्रति जागरूकता फैलाने, संभावित मरीजों की पहचान करने और उन्हें जांच व उपचार से जोड़ने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम में महेश त्रिवेदी, सलिल विश्नोई तथा सरोज कुरील ने संयुक्त रूप से निक्षय वाहन को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान 25 क्षयरोगियों को ‘निक्षय पोषण पोटली’ वितरित की गई, जिससे उनके उपचार के दौरान पोषण की कमी न हो। साथ ही, एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे संदिग्ध मरीजों की तुरंत पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा सके।
इस वर्ष के विश्व क्षयरोग दिवस की थीम “Yes! We Can End TB – Led by Bharat, Powered by Janbhagidari” पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भारत टीबी उन्मूलन की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और जनभागीदारी के माध्यम से इस लक्ष्य को समय से पहले हासिल किया जा सकता है।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जितेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. जी.के. मिश्रा, डॉ. हरिदत्त नेमी तथा डॉ. सुबोध प्रकाश को विशेष रूप से बधाई दी गई और उनके प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर टीबी मुक्त घोषित 58 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को महात्मा गांधी की कांस्य एवं रजत प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन ग्राम पंचायतों को दिया गया है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में टीबी के उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया।
इसके साथ ही वर्ष 2025 के दौरान ‘निक्षय पोषण योजना’ के अंतर्गत सहयोग देने वाले 16 ‘निक्षय मित्रों’ को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनसे अपील की गई कि वे आगे भी क्षयरोगियों को पोषण पोटली उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाते रहें, ताकि मरीजों का उपचार बेहतर तरीके से हो सके।
कार्यक्रम में उप जिला क्षयरोग अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन के सलाहकार, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी तथा टीबी चैंपियन रश्मि सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने टीबी मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद