कानपुर—शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से नगर निगम ने झकरकटी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने झकरकटी बस अड्डा स्थित तालाब और जोन-5 के फजलगंज में निर्माणाधीन आधुनिक बारातशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को शीघ्र ही इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
झकरकटी बस अड्डे के पास स्थित पुराने तालाब का अब कायाकल्प किया जा रहा है। 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत ₹4.32 करोड़ की लागत से इस तालाब को एक विकसित ‘वॉटर बॉडी’ संरक्षण केंद्र के रूप में तैयार किया जाएगा। नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि यह परियोजना केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित न रहे, बल्कि इसे पर्यावरण संरक्षण और नागरिक उपयोगिता के मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। तालाब के चारों ओर स्टोन पिचिंग की जाएगी, जिससे जलभराव और कटान की समस्या समाप्त हो सके। इसके साथ ही आकर्षक पाथवे का निर्माण किया जाएगा, जहां लोग सुबह-शाम टहल सकें और समय व्यतीत कर सकें।
परियोजना के अंतर्गत तालाब परिसर में आधुनिक सुविधाओं का भी समावेश किया जाएगा। यहां आरओ वॉटर प्लांट स्थापित किया जाएगा, ताकि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में डस्टबिन, बैठने के लिए बेंच, हाईमास्ट लाइटें, सार्वजनिक शौचालय और एक सुदृढ़ बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि झकरकटी बस अड्डे पर आने वाले यात्रियों को यहां एक स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक वातावरण मिले, जिससे शहर की छवि भी सुदृढ़ हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि तालाब के विकास कार्यों में मेट्रो और रोडवेज परियोजनाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि पूरे क्षेत्र का एकीकृत विकास हो सके। भविष्य में इस स्थान को एक मिनी पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने की भी योजना है, जहां परिवार और बच्चे समय बिता सकें।
वहीं दूसरी ओर, फजलगंज क्षेत्र में ₹3.90 करोड़ की लागत से बन रही आधुनिक बारातशाला का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। लगभग 2014 वर्गमीटर क्षेत्र में फैली इस दो मंजिला इमारत को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसमें 250 से 350 लोगों की क्षमता वाला विशाल हॉल बनाया गया है, जो विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के लिए उपयोगी होगा। इसके अतिरिक्त पांच सुसज्जित कमरे अटैच बाथरूम के साथ तैयार किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम में शामिल मेहमानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बारातशाला परिसर में एक आकर्षक रिसेप्शन एरिया और विशाल लॉन भी विकसित किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर लॉन में घास लगाने का कार्य पूरा किया जाए और शेष फिनिशिंग कार्य भी तेजी से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अप्रैल माह की शुरुआत से ही यह बारातशाला आम जनता के लिए बुकिंग हेतु उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे शहरवासियों को एक आधुनिक और किफायती आयोजन स्थल मिल सके। निरीक्षण के दौरान कुछ अनियमितताएं भी सामने आईं। बारातशाला परिसर के पीछे एक कमरे में अनाधिकृत कब्जा पाया गया, वहीं उसके बगल में अवैध दुकानों का संचालन भी देखा गया। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जोनल अधिकारी-5 को तत्काल कार्रवाई कर कब्जा हटाने और संबंधित भूमि के स्वामित्व की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
क्षेत्रीय पार्षद की मांग पर बारातशाला के बाहर से हटाए गए कूड़ाघर के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पीटीसीएस (कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन) स्थापित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्थित तरीके से हो सके।
इसके अतिरिक्त, बैंक ऑफ बड़ौदा फजलगंज से फायर ब्रिगेड तक सड़क किनारे फैले अतिक्रमण और उड़ती धूल को लेकर भी नगर आयुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्काल अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए और धूल की समस्या से निजात दिलाने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत किया जाए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर के प्रमुख स्थलों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि वहां स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्था भी समान रूप से सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि सभी परियोजनाएं पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों, ताकि कानपुर को एक आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता जैदी, अधिशाषी अभियंता (प्रोजेक्ट) आर.के. सिंह, रोडवेज के आरएम पी.के. शर्मा, एआरएम पंकज तिवारी, जोनल अभियंता कमलेश पटेल, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी आशीष बाजपेयी और क्षेत्रीय पार्षद नीरज कुमार सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
₹4.32 करोड़ से झकरकटी तालाब का कायाकल्प, अप्रैल में तैयार होगी बारातशाला